अभिषेक बनर्जी के बाद अब कल्याण बनर्जी पर हमला, बंगाल की राजनीति गरमाई
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के बाद अब तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी भी विवाद और हिंसा के केंद्र में आ गए हैं।
हुगली जिले के चंडीतला थाना क्षेत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी अपने कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए, ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और उनके साथ धक्का-मुक्की की।
टीएमसी का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान दूर से पत्थर फेंका गया, जो कल्याण बनर्जी के सिर पर लगा। चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़े। पार्टी ने इस घटना के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, बीजेपी की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी भी दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर इलाके में कथित हमले का शिकार हुए थे। उस घटना में पत्थर, अंडे और अन्य वस्तुएं फेंके जाने के आरोप लगे थे, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को और गरमा दिया है। चुनाव बाद हिंसा और राजनीतिक टकराव के आरोप-प्रत्यारोप के बीच राज्य का राजनीतिक माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है।

Comments
Post a Comment